कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठिकानों पर आयकर का छापा
शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी पर शुक्रवार को आयकर विभाग का शिकंजा कसा। आयकर चोरी की जांच के लिए विभाग की इंवेस्टिगेशन विंग ने कंपनी के ग्रेटर नोएडा, बुलंदशहर, गाजियाबाद व मेरठ में 10 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। देर रात तक जांच टीमें दस्तावेज खंगालने में जुटी रहीं। इस कार्रवाई के बारे में नोएडा आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से इनकार करते रहे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह कंस्ट्रक्शन कंपनी, प्राधिकरणों के अलावा सिंचाई विभाग में ठेका लेकर काम करती है। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे भारी पुलिस बल और नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ से आयकर विभाग के अधिकारी आयकर भवन पहुंचे। सुबह करीब पांच बजे 25 से अधिक टैक्सियों में बैठकर टीमें अलग-अलग जगहों के लिए रवाना हो गईं। इस कंपनी में छह पार्टनर बताए जा रहे हैं। इन सभी के ठिकानों से विभाग की टीमों ने कई अहम दस्तावेज जुटाए हैं। ग्रेटर नोएडा में कंपनी से जुड़े कई लोगों के खातों को भी सीज किया गया है। इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। कोई भी अधिकारी इस बारे में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/