दिल्ली कूच कर रहे करीब 200 किसानों को किया गिरफ्तार, थोड़ी देर बाद छोड़ा
शामली जनपद में मेरठ करनाल हाइवे पर गाड़ीवाला चौक से दिल्ली जाने के लिए पैदल निकले करीब दो सौ भाकियू पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ता करीब 200 मीटर की दूरी तक ही चले थे। सभी सांकेतिक रूप से गिरफ्तार कर बस में बैठाया गया और थोड़ी देर बाद छोड़ दिया गया, इसके बाद जाम समाप्त हो गया।
भाकियू का चक्का जाम करीब साढ़े चार घंटे चला। इसके बाद यातायात शुरू हो गया। मेरठ करनाल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी थी, यातायात सुचारू कराने पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद जाम खोल दिया गया।मौके पर मौजूद एसपी नित्यानंद रॉय ने बताया कि दिल्ली जा रहे किसानों को समझा-बुझाकर रोक दिया गया है। जाम खुलवा दिया गया है।
बागपत जनपद में निवाड़ा पुल पर भाकियू ने सोनीपत हाईवे को जाम किया। बिजनौर जिले में भी किसानों का सड़कों पर कब्जा बना हुआ है। भाकियू ने जिले में अनिश्चितकालीन चक्का जाम का एलान किया है। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
सहारनपुर जनपद में भी भाकियू ने चक्का जाम किया। यहां सहारनपुर-देहरादून हाईवे पर किसान चक्का जाम के लिए पहुंचे। वहीं एहतियात के तौर पर देहरादून हाईवे के अतिरिक्त अंबाला हाईवे पर भी पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया है।