महिला चिकित्सक की हादसे में मौत।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दौराला थाने के सामने गुरुवार दोपहर एक ट्रक चालक ने महिला चिकित्सक को कुचल दिया। महिला की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
बताया गया कि गाजियाबाद निवासी डॉ. सुनीता सीएचसी दौराला पर तैनात थी। वह आंखों की चिकित्सक थी। गुरुवार को ड्यूटी से वापस लौटने के दौरान दौराला थाने के सामने मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कुचल दिया, जिस कारण सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी किरणपाल सिंह का कहना है कि मृतका सुनीता के परिजनों को जानकारी दे दी गई है।