मेरठ के लालकुर्ती थाना क्षेत्र के छिपी टैंक निवासी यूपी पुलिस के सिपाही की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं सूचना मिलने पर लालकुर्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि सिपाही भाजपा विधायक संगीत सोम की गारद में तैनात रहे थे।
जानिए पूरा मामला
लालकुर्ती थाना क्षेत्र के छिपी टैंक निवासी यूपी पुलिस के सिपाही प्रदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई। सूचना पर लालकुर्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की। शरीर पर कुछ निशान मिले हैं, लेकिन उनसे मौत की स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है।
मूलरूप से कासमपुर शामली निवासी प्रदीप उर्फ संदीप (33 वर्ष) यूपी पुलिस में तैनात थे। बताया जाता है कि पिछले एक साल से वह विधायक संगीत सोम की सुरक्षा में तैनात थे। दो दिन पहले ही उनको पुलिस लाइन में भेज दिया गया। गुरुवार से उन्हें आरटीओ की गारद में ड्यूटी पर जाना था। बुधवार सुबह वह छिपी टैंक निवासी अपने दोस्त शोभित त्यागी के यहां आ गए। सुबह आठ बजे प्रदीप ने अपनी पत्नी कविता से बात की। करीब एक घंटे बाद ही उनको दोबारा फोन पहुंचा कि प्रदीप का एक्सीडेंट हो गया है। आनन-फानन में परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा प्रदीप का शव जमीन पर पड़ा था।
शोभित त्यागी ने पुलिस को बताया कि सुबह प्रदीप बाथरूम में गए थे। काफी देर जवाब नहीं आया तो उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की। दरवाजा खुलने के बाद उन्होंने वहां प्रदीप को बेसुध देखा। जैसे तैसे वह प्रदीप को बाहर लेकर आ गए। हालांकि तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। लालकुर्ती थाने से दरोगा गोपाल चौहान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा। वहीं प्रदीप के परिजनों ने शक जताते हुए हंगामा किया। फिलहाल पुलिस ने शोभित को हिरासत में लिया है।