उन्होंने परीक्षा दे रही छात्राओं से हिजाब हटाने को कहा। छात्राओं से हाथ ऊपर करने को भी कहा गया। जिससे छात्राओं में रोष पनप गया और उन्होंने हंगामा किया। आरोप है कि कक्ष निरीक्षक ने उड़नदस्ते की कार्यशैली पर सवाल उठाए तो उन्होंने उनके साथ भी अनुचित व्यवहार किया।
पूरे प्रकरण की सीसीटीवी फुटेज वीसी को उपलब्ध कराई गई है। प्राचार्य का कहना है कि उड़नदस्ते के इस कृत्य से बड़ा विवाद पैदा हो सकता था, ऐसे में प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उड़नदस्ते में कोई भी महिला सदस्य नहीं थी। वीसी ने इस प्रकरण की जांच परीक्षा नियंत्रक को सौंपी है।
परीक्षा खत्म होने के बाद भी हुआ हंगामा
परीक्षा देने के बाद जब छात्राएं कक्ष से बाहर आईं तो उन्होंने कॉल कर मामले की जानकारी अपने अभिभावकों को दी। सूचना पर मौके पर काफी संख्या में अभिभावक कॉलेज पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
इस दौरान छात्राओं ने कहा कि उनके साथ आगे से ऐसा कुछ हुआ तो वह दोबारा परीक्षा देने के लिए नहीं आएंगी। प्रबंधन ने किसी तरह समझाकर छात्राओं और अभिभावकों को शांत कराया। वहीं, सीसीएसयू के परीक्षा संयोजक डॉ. शिवराज सिंह ने बताया कि प्रकरण की जानकारी नहीं है।