भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी है। कई दिनों से सीटों को लेकर दिल्ली में भाजपा के पदाधिकारियों की बैठक चल रही थी। आइए जानते हैं कि भाजपा ने पश्चिमी यूपी में किस सीट से किसको प्रत्याशी बनाया है।
मेरठ-
मेरठ के बीजेपी उम्मीदवारों के नामों की सूची
सिवालखास - मनिंदरपाल सिंह
हस्तिनापुर- दिनेश खटीक
किठौर- सत्यवीर त्यागी
मेरठ शहर- कमल दत्त शर्मा
मेरठ कैंट- अमित अग्रवाल
मेरठ दक्षिण- सोमेंद्र तोमर
सरधना- संगीत सोम
कैंट से अमित अग्रवाल, शहर से लड़ेंगे कमलदत्त शर्मा, चार पुराने विधायकों पर भाजपा ने दोबारा खेला दांव
कैंट सीट से पूर्व विधायक अमित अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। शहर सीट से कमल दत्त शर्मा के नाम पर मुहर लगाई गई है। सिवालखास विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक जितेंद्र सतवई का टिकट काट दिया गया है। उनकी जगह भाजपा ने मनिन्दर पाल सिंह पर दांव खेला है। दक्षिण, हस्तिनापुर, सरधना और किठौर विधानसभा सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायकों पर विश्वास जताया है। टिकटों की घोषणा के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ता खुशी मना रहे हैं।
हस्तिनापुर से सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री दिनेश खटीक दोबारा प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। सरधना से विधायक संगीत सोम को भाजपा ने तीसरी बार अपना प्रत्याशी बनाया है। दक्षिण से विधायक सोमेंद्र तोमर और किठौर से विधायक सत्यवीर त्यागी को भी पार्टी ने दोबारा प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने जिले में वैश्य, ब्राह्मण, जाट, गुर्जर, त्यागी, अनुसूचित जाति एवं ठाकुर वर्ग को टिकट देकर सोशल इंजीनियरिंग साधने की कोशिश की है।
कैंट में टिकट की रेस जीते अमित अग्रवाल
कैंट विधानसभा सीट पर पार्टी में सर्वाधिक 20 के करीब दावेदार थे। लगातार चार बार से विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल की आयु 80 वर्ष से अधिक होने के कारण ये तय माना जा रहा था कि यहां कोई अन्य प्रत्याशी होगा। इस सीट से दो बार विधायक रहे अमित अग्रवाल ने टिकट की रेस में सबको पछाड़ते हुए बाजी मारी है।
कमल दत्त शर्मा ने शहर में बाजी मारी
शहर सीट पर सपा के रफीक अंसारी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को 2017 में चुनाव हराया था। मतदाताओं के समीकरण के चलते भाजपा के लिए ये सबसे मुश्किल सीट है। इस सीट पर कम ही दावेदार थे। भाजपा ने यहां से कमल दत्त शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।