महिला के परिजनों ने बताया कि महिला बेटे को लेकर अगस्त में ऑस्ट्रेलिया चली गई थी। पत्नी से फोन पर बात होने के बाद युवक ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गया।
सहारनपुर निवासी आदित्य ने बृहस्पतिवार को पुलिस को बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया में एक सरकारी स्कूल में शिक्षक है। युवक को ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिली हुई है। लगभग आठ साल पूर्व युवक की शादी श्रद्धापुरी निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद युवक पत्नी को भी ऑस्ट्रेलिया ले गया। पत्नी को ऑस्ट्रेलिया के प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका की नौकरी मिल गई, लेकिन महिला को ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता नहीं मिली। दोनों के बेटे को भी ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिल गई थी। इस दौरान दंपती में विवाद रहने लगा।
वहीं, विवाद के बाद महिला अपने बेटे को लेकर ऑस्ट्रेलिया में ही दूसरे मकान में किराए पर लेकर रहने लगी थी। बताया गया कि करीब आठ महीने पूर्व महिला अपने बेटे को लेकर कंकरखेड़ा आ गई थी। इसके बाद से दंपती का आपस में कोई संपर्क नहीं रहा।
बृहस्पतिवार को युवक अपनी पत्नी व बेटे को तलाश करते हुए कंकरखेड़ा पहुंचा। जहां उसकी ससुराल वालों से जमकर कहासुनी हुई। युवक ने अपने ससुराल वालों से पत्नी व बेटे के बारे में जानकारी ली। युवक के साले ने बताया कि महिला बेटे को लेकर अगस्त में ही ऑस्ट्रेलिया चली गई थी।