लोन लिया, प्लॉट बेचा... अब क्या करें
गढ़ रोड गोकलपुर निवासी मोहम्मद अरहान कीव मेडिकल यूनिवर्सिटी से तीसरे वर्ष के छात्र हैं। पिता मोहम्मद असगर ने बताया बैंक से पहले साल पांच लाख का लिया और प्लॉट भी बेचा। यूक्रेन की राजधानी कीव में हालात बेहद खराब हैं, ऐसे में कुछ समाधान नजर नहीं आ रहा है। 21 मार्च से आनलाइन कक्षा चलने का मेल आया है। युद्ध थमे तो बच्चों की पढ़ाई फिर से शुरू हो।
पहली बार देखा ऐसा मंजर
कंकरखेड़ा की मानसी ने बताया कि छात्र-छात्राएं मानइस छह डिग्री तापमान में खुले आसमान तले इंतजार में बैठे रहे। ऐसा मंजर पहली बार देखा।
जिंदगी भर की कमाई लगाई अब दांव पर बेटे का भविष्य
रोहटा रोड सरस्वती विहार निवासी स्नेहाशीष मालाकर के पिता संतु मालाकर ने बताया सेना में नौकरी पूरी करते हुए जमा पूंजी लगाकर बेटे को यूक्रेन भेजा। लेकिन युद्ध ने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य दांव पर लगा दिया। इवानो फ्रेंकिवस्क मेडिकल यूनिवर्सिटी में प्रथम वर्ष के छात्र स्नेहाशीष ने बताया सोमवार आज से आनलाइन कक्षाएं तो शुरू हो रहीं हैं। लेकिन अभी यूक्रेन जाने के लिए कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा है।
घर वापसी से तसल्ली पर पढ़ाई कैसे होगी पूरी
केसरगंज निवासी मुस्कान सिद्दीकी यूक्रेन में एमबीबीएस प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। वह कहती हैं कि सोमवार से आनलाइन कक्षाएं शुरू होंगी। पिता मो. अयाज ने बताया यूक्रेन ने पांच साल की नागरिकता दे रखी है। वो फैक्टरी चलाते हैं और पत्नी सहबा जमाल शिक्षिका हैं। अपनी कमाई से खर्च निकाल कर पढ़ाई करा रहे हैं। ये तो तसल्ली है कि बच्चे घर आ गए, लेकिन पढ़ाई पूरी करने को लेकर मन में दुविधा है।
प्रमाणपत्र भी यूक्रेन में ही रह गए
मलियाना निवासी प्रियांशु प्रभाकर मोकोलिव सिटी के पेट्रो मोयेला ब्लैक सी मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस के चौथे वर्ष के छात्र हैं। पिता विनोद प्रभाकर उपन्यासकार हैं, उन्होंने बताया बेटे ने यूक्रेन में क्राक परीक्षा पास कर ली है। 21 फरवरी में परिणाम आया था। प्रियांशु के प्रमाणपत्र वहीं हैं, दूतावास पोलैंड ट्रांसफर हो गया है। ऐसे में थोड़ी चिंता जरूर सता रही है।