मेरठ जनपद के सरूरपुर में मेरठ-बड़ौत मार्ग पर कस्बा खिवाई के पास आमने-सामने दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो को मेरठ रेफर कर दिया। रेफर हुए घायल में से एक और युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को मौके से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
कस्बा खिवाई चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कलीना निवासी आबिद (28) पुत्र सलीम अपनी करिश्मा बाइक से कहीं जा रहा था। सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक पर विशाल (22) पुत्र सतपाल अपने साथी आकाश पुत्र गंगा के साथ जा रहा था। दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। सड़क पर गिरकर तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने विशाल पुत्र सतपाल को मृत घोषित कर दिया। आकाश व आबिद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान आबिद की भी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी। चौकी प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: उपचुनाव: गुर्जरों को साधने के लिए RLD ने चला दांव, हार की हैट्रिक के बाद खतौली पिच पर मदन भैया की जोर-आजमाइश
ट्रैक्टर की टक्कर से दो बाइक सवार घायल
मेरठ करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से मेरठ रेफर कर दिया गया। मुल्हेड़ा निवासी मनोज अपनी बाइक से बपारसी निवासी राज सिंह पुत्र रोहतास के साथ जा रहा था। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी भेजा। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
यह भी पढ़ें: Meerut: सरधना में दूषित पानी का कहर जारी, हैजा फैलने से चार की मौत, सैकड़ों बीमार, मजबूरी में घर छोड़ रहे लोग