दो युवकों की हत्या, जैनपुर के जंगल में मिले शव
मेरठ। रोहटा रोड स्थित जैनपुर गांव के जंगल में रविवार को दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों युवकों के शव की पहचान नहीं हुई है। आशंका है कि एक युवक (40) की धारदार हथियार से हत्या की गई तो दूसरे युवक (35) को गला घोटकर मारा गया। दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं। अभी तक शवों की शनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों युवकों के हाथ पर लालटू लिखा हुआ था। पुलिस की जांच जारी है।
रोहटा और कंकरखेड़ा थाने की सीमा पर जैनपुर गॉव के जंगल में सुबह 10:30 बजे एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर रोहटा थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करने में ही लगी थी कि एक घंटे बाद ही 11:30 बजे 100 मीटर की दूरी पर ही दूसरे युवक का भी शव मिला। दो युवकों के शव मिलने की सूचना पर एसएसपी और एसपी देहात पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कोई भी सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना कि हत्या के बाद दोनों शवों को यहां पर फेंका गया है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या कहीं दूसरी जगह हुई है। इनको मरने के बाद यहां फेंका गया है। संभावना है कि दोनों को एक ही जगह पर मारा गया है। पहचान होने के बाद ही हत्यारोपियों का पता चलेगा।
एक के शरीर पर धारदार हथियार के निशान
एक युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई है। चेहरे पर भी चोट के निशान हैं। शव पर प्लास्टिक का बोरा ढका हुआ था। कपड़े की दो बेडशीट भी शव के ऊपर मिली। उसके हाथ पर लालटू लिखा हुआ है। चेहरे के अलावा भी शरीर पर कई जगह धारदार हथियार के निशान हैं। शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है।
दूसरे के गले में रस्सी मिली
- दूसरे युवक का शव जैनपुर गांव के जंगल में गेहूं के खेत में पहले शव से 10 मीटर की दूरी पर मिला है। उसके गले में हुडी की डोर (रस्सी जैसी) मिली है। इसके एक हाथ पर लालटू और ऐरो मिला है। दूसरे हाथ में इंगलिश में अधिकारी और लव भी लिखा है। गले में जनेऊ भी डाला गया था। पुलिस मान रही है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतक ने काला बनियान और लोअर पहना था।
घटनास्थल से मिट्टी के नमूने भी लिए
- दोनों युवकों के शव मिलने की सूचना पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी व एसपी देहात केशव कुमार पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई। घटनास्थल पर मिट्टी के नमूने भी लिए। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करने में लगी है। घटनास्थल के आसपास भी जाकर पुलिस ने सबूत ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन अभी तक कोई भी ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को नहीं मिली।