मेरठ में हाईवे पर पुलिस ने रात में चेकिंग के दौरान दो लुटेरों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटे गए मोबाइल और एक पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया। पल्लवपुरम थाना प्रभारी देवेश शर्मा के अनुसार पुलिस सोमवार रात को हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। तभी दौराला की ओर से बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रोका तो वह भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद तलाशी ली तो बदमाशों के पास से पुलिस को एक पिस्टल और दो मोबाइल मिले। पुलिस दोनों बदमाशों को थाने ले आई। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 18 अगस्त की रात बदमाशों ने मोदीपुरम चौकी के सामने एक युवक को पिस्टल से आतंकित कर नगलाताशी निवासी शादाब से मोबाइल लूट लिया था। दोनों बदमाशों की पहचान शिवांक और रविंद्र निवासी माछरा थाना किठौर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल पर बदमाश फेसबुक से एक महिला के साथ चैटिंग कर रहे थे। बदमाशों ने महिला के फोटो भी वायरल कर दिए थे। दोनों बदमाश दौराला शुगर मिल में ठेकेदारी पर काम करते थे और फिर शाम को लूट की फिराक में लग जाते थे। रात में अंधेरे का फायदा उठाकर ज्यादातर मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।