नगर निगम ने मेरठ शहर की 126 गलियों में सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं 31 अगस्त तक 29 सड़कों के निर्माण को भी हरी झंडी मिल जाएगी। कुल मिलाकर अगले माह में निगम बोर्ड फंड से लगभग 12 करोड़ से सड़क, नाली के निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे।
महानगर में पिछले दो साल से विकास कार्य ठप हैं। काफी समय से शहर के लोग सड़कों और नालियों के निर्माण की मांग कर रहे थे। निगम की तिजोरी में 150 करोड़ रुपये जमा हैं। अमर उजाला ने भी बदहाल सड़कों और गलियों के मुद्दों को उठाया है। अब नगर निगम की नींद टूटी है।
मंगलवार को निगम के निर्माण विभाग ने करीब 10 करोड़ के बजट से 126 गलियों में सड़क, नाली निर्माण के कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली। इसके साथ ही 29 सड़कों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया अभी चल रही है। इसे 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। कुल मिलाकर अगले माह से 12 करोड़ के बजट से शहर में सड़क, नाली बननी शुरू हो जाएंगी।
इस संबंध में चीफ इंजीनियर यशवंत कुमार का कहना है कि शहर में बोर्ड फंड ही नहीं बल्कि 15वें वित्त आयोग के खजाने से सभी विकास कार्य किए जाने हैं। सभी के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अगले माह से शहर में निर्माण कार्य तेजी से होते दिखेंगे।