सरधना। गांव अलीपुर में सोमवार देर रात कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। इसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घटना को लेकर एक पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घायल फरमान ने बताया कि रात करीब 9:00 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। पड़ोसी से रंजिश चल रही है। पड़ोसी उसे देखकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और आरोपियों ने मारपीट कर दी। फरमान की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई उस्मान मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने और लोगों को बुला लिया और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में फरमान, उस्मान समेत चार लोग घायल हो गए।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवाया और मामले की जानकारी ली। फरमान पक्ष की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। इसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।