संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। कस्बा खरखौदा में कंठी माता मेले पर लगने वाले दो दिवसीय मेले का खरखौदा नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष त्यागी ने शुभारंभ किया। नगर पंचायत की ओर से मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए बिजली, पानी व अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
खरखौदा में कोल रोड स्थित कंठी माता परिसर में प्रत्येक वर्ष ज्येष्ठ माह की नवमी व दशमी पर लगने वाले दो दिवसीय कंठी माता मेले का शुभारंभ रविवार को किया गया। मेले में झूले व बच्चों के मनोरंजन के कई उपकरण लगाए गए हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि कस्बा खरखौदा में सैकड़ों वर्षों से लगने वाले इस मेले में नगर पंचायत की ओर से रात्रि में रुकने के लिए विश्रामगृह, पेयजल व बिजली आदि की निशुल्क व्यवस्था की है। मेला परिसर में ही नगर पंचायत की ओर से कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। मंदिर परिसर में रविवार शाम समिति के पदाधिकारियों सहित पूर्व विधायक लखीराम नागर व अन्य हवन पूजन किया। मंदिर में श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाना शुरू कर दिया। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रविवार व सोमवार मंदिर में प्रसाद चढ़ाया जाएगा।