देवबंद-रुड़की मार्ग पर कार और ट्रैक्टर-ट्राली की भिड़ंत में पांच महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हाशिमपुरा गांव निवासी समीना (50) खातून (55) फहमीदा (45) और समीना परवीन (65) बुधवार को गांव के ट्रैक्टर ट्राली से उत्तराखंड के मंगलौर स्थित रिश्तेदारी में हुई मौत में शामिल होने के लिए गई थीं। रात्रि करीब नौ बजे वह घर लौट रही थीं। जब वह मानकी और हाशिमपुरा गांव के बीच पहुंची तो पीछे से आ रही कार बाइक को बचाने के चक्कर में ट्राली से भिड़ गई। जिसमें ट्राली में सवार चारों महिलाएं घायल हो गईं, जबकि कार में सवार रुड़की के गांव इमलिया खेड़ी निवासी विनय और उसकी बहन संध्या गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद फहमीदा, विनय और संध्या को नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक विनय और संध्या नागल क्षेत्र के बढेड़ी गांव स्थित अपनी बहन के यहां आ रहे थे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/