सरूरपुर। कस्बा करनावल निवासी मृतक ओमेन्द्र फाइल फोटो। परिजन
पत्नी समेत छह आरोपियों के खिलाफ थाना सरूरपुर में मुकदमा दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। कस्बा करनावल निवासी ओमेंद्र पुत्र भोपाल ने ससुरालियों और पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की थी। मृतक ने आत्महत्या से पहले फोन में ऑडियो रिकार्डिंग की थी। इसके आधार पर मृतक के भाई ने उसकी पत्नी समेत छह आरोपियों के खिलाफ थाना सरूरपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
भाई कविंद्र ने तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले ओमेंद्र की पत्नी आरती अपने मायके चली गई थी। 9 नवंबर को ओमेंद्र अपनी पत्नी आरती को लेने उसके गांव मवी कलां जनपद बागपत गया था। आरोप है कि उसकी पत्नी ने उसके साथ आने से इन्कार कर दिया था। आरती के मायके वालों ने ओमेंद्र के साथ मारपीट कर भगा दिया था। उसी रात ओमेंद्र ने अपने घर आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
हालांकि उस समय परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया था। आत्महत्या के पांच दिन बाद ओमेंद्र के मोबाइल में एक ऑडियो रिकार्डिंग मिली। रिकार्डिंग में ओमेंद्र ने पत्नी आरती व उसके मायके पक्ष के अंकित, विकास, ब्रजपाल, मुनेश व शिवानी पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की भी धमकी दी है। इस कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित ओमेंद्र ने आत्महत्या की है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।