कोहरे के कारण ने ट्रेनों के पहिये धीमे हो गए हैं। सोमवार को आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेन निर्धारित समय से लेट पहुंची। नौचंदी एक्सप्रेस जहां 7 घंटा तो संगम एक्सप्रेस तीन घंटा देरी से सिटी स्टेशन पर पहुंची।
नौचंदी को चार घंटा देरी से इलाहाबाद के लिए रवाना किया जा सका। शालीमार एक्सप्रेस को रद कर दिया गया। इसके चलते जम्मू जाने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
रविवार रात से ही कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। सोमवार को नौचंदी एक्सप्रेस निर्धारित समय सुबह आठ बजे की बजाय 7 घंटे की देरी से शाम तीन बजे सिटी स्टेशन पर पहुंची। इसके अलावा संगम एक्सप्रेस सुबह सात बजे की बजाय तीन घंटे की देरी से दस बजे पहुंची। उत्कल एक्सप्रेस और सुपर एक्सप्रेस भी तीन-तीन घंटे लेट रही।
प्रभारी स्टेशन अधीक्षक श्याम सुंदर ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें लेट हो रही हैं। शालीमार को लेट होने से बचाने के लिए रद करने का निर्णय लिया गया।