शाह से बोले व्यापारी, अब नहीं लगता डर
कैराना (शामली)। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कैराना में पलायन के बाद लौटे परिवारों से दुख-दर्द साझा किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने पूछा कि अब कैसा महसूस कर रहे है, जिस पर व्यापारियों ने कहा कि अब उन्हें कोई डर नहीं है। योगी सरकार में अच्छा लग रहा है। अमित शाह ने कहा कि जिन बदमाशों से भय लगता था अब वो बदमाश नहीं रहे। निडर होकर अपना व्यापार करें। भाजपा सरकार में गुंडा का स्थान जेल में है या ऊपर है। योगी सरकार में गुंडागर्दी नहीं चलती।
शाम चार बजे गृह मंत्री अमित शाह चौक बाजार से पैदल ही जोडियां कुआं पर स्थित साधु स्वीट्स की दुकान पर पहुंचे और वहां पर उन्होंने दुकान की ऊपरी मंजिल पर करीब 20 मिनट तक पलायन के बाद वापस लौटे परिवारों के साथ उनका दुख-दर्द साझा किया। गृहमंत्री अमित शाह को साधु स्वीट्स के मालिक राकेश गर्ग उर्फ टीटू ने बताया कि रंगदारी न देने पर कैराना में अगस्त 2014 में तीन व्यापारियों की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उनकी नवाब मार्केट स्थित दुकान पर भी 20 लाख की रंगदारी की चिट्ठी आई थी और रंगदारी नही देने पर हत्या करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद उनका परिवार काफी डर गया और अंबाला में जाकर रहने लगे थे। अंबाला में हलवाई की दुकान में उसे कई लाख का नुकसान हुआ। जिसके बाद वह परेशान होकर देहरादून चले गए थे। बाद में यूपी में योगी सरकार बनने के बाद 2016 में वह कैराना वापस आ गए। अब उन्हें कैराना में कोई डर नहीं लगता। कानून व्यवस्था ठीक है, बदमाशों का डर नहीं रहा। पलायन के बाद वापस लौटे राजकुमार तार वालों ने बताया कि फुरकान ने दुकान पर आकर रंगदारी मांगी थी जिसके बाद वह पलायन करके चले गए थे। अब कैराना में वापस आ गए। गृह मंत्री ने पलायन के बाद पानीपत से वापस आए बिल्लू पेप्सी वाले की पुत्रवधु मीनाक्षी मित्तल व प्रोविजन स्टोर की दुकान करने वाले गौरव गर्ग से भी जानकारी ली।
इस अवसर पर गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनिवाल, एमएलसी वीरेंद्र सिंह, सांसद प्रदीप चौधरी, भाजपा नेता अनिल चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंघल आदि मौजूद रहे।
शाह ने घर-घर जाकर बांटे पर्चे, भाजपा के लिए मांगी वोट
कैराना। गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हेलीकॉप्टर से कैराना पहुंचे और टीचर्स कॉलोनी में भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह व स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ घर-घर जाकर भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए फिर से यहां योगी आदित्यनाथ की सरकार बनानी है।
उन्होंने मृगांका सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि बहन जी भी मेरे साथ आई हैं। इनका भी स्वागत करो। सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए शाह ने कहा कि भाजपा के पांच साल के परिश्रम और नरेंद्र मोदी के साढ़े सात साल के परिश्रम को ध्यान में रखकर पार्टी के समर्थन में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ग की मन की आवाज सुनाई पड़ रही है, इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा 300 पार रहेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि आगामी 10 तारीख को कमल के निशान पर वोट डालना है और सुबह आठ बजे ही वोट डाल लेना। इस दौरान टीचर कालोनी में अमित शाह का नारेबाजी व फुलो से जोरदार स्वागत किया गया। जिसके बाद गृह मंत्री का काफिला चौक बाजार में पहुंचा। संवाद
प्रेस कांफ्रेंस नहीं की
कैराना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पलायन कर पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात के बाद चौक बाजार स्थित कटेहरा धर्मशाला में प्रेस कांफ्रेंस का भी कार्यक्रम था, लेकिन बारिश के कारण हुई देरी के चलते केंद्रीय गृह मंत्री व्यापारियों से मुलाकात करने के बाद बाजार से होते हुए सीधे प्रस्थान कर गए। कटेहरा धर्मशाला में मौजूद दिल्ली, शामली व स्थानीय मीडिया कर्मी उनका इंतजार करते रहे। जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने बताया कि गृह मंत्री प्रेस कांफ्रेंस नहीं करेंगे।
- सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
केंद्रीय गृह मंत्री के कैराना आने से पहले उनके कार्यक्रम स्थल और बाजारों में पुलिस पीएसी के जवानों को तैनात किया गया। इसके साथ ही एनएसजी कमांडो की यूनिट की तैनाती की गई। साधु स्वीट्स से कटेहरा धर्मशाला के मुख्य गेट पर मेटल डिटेक्टर की मशीनें भी लगाई गई। अंदर पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की हैंड मेटल डिटेक्टर मशीन से चेकिंग की गई। साथ ही अमित शाह के आने से करीब तीन घंटे पहले साधु स्वीट्स की दुकान व आसपास के बाजारो में भी मेटल डिटेक्टर से जाच की गई।
- इन नेताओं ने किया स्वागत है
कैराना पब्लिक इंटर कालेज में स्थित हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से जब गृह मंत्री अमित शाह उतरे तो गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी, सांसद प्रदीप चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, मंत्री सुरेश राणा, भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह, विधायक तेजेंद्र निर्वाल व जिला अध्यक्ष सतेद्र तोमर आदि ने स्वागत किया।
----
युवाओं ने लगाए जय श्रीराम, मोदी-मोदी व योगी-योगी के नारे
कैराना। गृहमंत्री अमित शाह टीचर कॉलोनी के आलावा चौक बाजार से साधु स्वीट्स की दुकान पर पैदल आते समय युवाओं की भारी भीड़ उनके पीछे-पीछे चल रही थी। युवाओं ने जमकर जय श्रीराम, मोदी-मोदी व योगी-योगी के नारे लगाए। साधु स्वीट्स की दुकान की ऊपरी मंजिल पर पलायन के बाद वापस आए परिवारों से बात करने के दौरान भी युवा दुकान के आगे खड़े होकर जय श्रीराम, मोदी-मोदी, योगी-योगी व अमित शाह जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। टीचर कॉलोनी के अलावा चौक बाजार से साधु स्वीट्स की दुकान पर पैदल आने के दौरान बाजारों में व्यापारियों ने उनके काफिले पर पुष्प वर्षा की।