सरूरपुर। थाना क्षेत्र के भूनी चौराहे पर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से तीन छात्राएं बृहस्पतिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। छात्राओं के लापता होने से विद्यालय के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। विद्यालय प्रशासन शाम तक मामले काे दबाए बैठा रहा। देर रात अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना पर सीडीओ, बीएसए और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में मेरठ निवासी दो छात्राएं और सरधना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक छात्रा लापता बताई जा रही है। बताया गया कि छात्राएं बृहस्पतिवार दोपहर लापता हो गई। दिनभर विद्यालय की शिक्षिका छात्राओं की तलाश करती रही, लेकिन 50 मीटर दूर स्थित पुलिस चौकी पर मामले की सूचना नहीं दी। रात करीब 10 बजे विद्यालय प्रशासन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्राओं के परिजनों को मामले से अवगत कराया। रात में परिजन विद्यालय पहुंचे। सीडीओ नूपुर गोयल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशा चौधरी और तहसीलदार अनुराग सिंह विद्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जांच में पता चला कि विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिन्हें बीएसए ने चालू कराया। मौके पर पहुंची पुलिस भी मामले की जांच में जुटी है। उधर, परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने कई बार बताया था कि अक्सर विद्यालय परिसर में बाहरी लोगों को आना-जाना लगा रहता है। बहरहाल, देर रात तक अधिकारी मौके पर ही डटे हुए थे। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में पीछे की दीवार टूटी हुई है और लोहे का जाल हटाकर छात्राओं के यहां से जाने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
रात करीब 11:45 बजे डीएम डाॅ. विजय कुमार सिंह, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी देहात राकेश मिश्रा भी मौके पर पहुंचे गए और मामले की जानकारी ली।