प्रह्लादनगर में चप्पल बेचने के बहाने घर में घुसे तीन बदमाश, मां-बेटियों को बंधक बनाकर की लूटपाट
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के प्रह्लादनगर में रविवार को दिनदहाड़े बाइक पर पहुंचे तीन बदमाशों ने घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चाकू व तमंचे के बल पर महिला और उसकी बेटियों को कमरे में बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिला व एक लड़की पर तमंचे की बट से वार किया। नकदी और जेवरात लूटकर बदमाश फरार हो गए।
प्रह्लादनगर में गीता भवन के पास मोहम्मद निजाम परिवार के साथ रहते हैं। निजाम को आंखों से कम दिखाई देता है। रविवार सुबह करीब 11 बजे बाइक पर पहुंचे तीन युवकों ने निजाम के घर का दरवाजा खटखटाया। उनकी पत्नी नाजो ने दरवाजा खोला। युवकों ने कहा वह चप्पल बेचने का काम करते हैं। महिला ने खरीदने से मना कर दिया। एक युवक ने बैग से चप्पल निकालते हुए देखने को कहा, जबकि दूसरे युवक ने महिला से बोतल में पानी मांगा। वह अंदर गई तो इन तीनों बदमाशों ने महिला की कनपटी पर तमंचा तान दिया और महिला व उसकी दो बेटियों उजमा व फरहीन को कमरे में बंधक बना लिया। दो अन्य छोटी बेटियां पहले से कमरे में थी। बदमाशों ने महिला को तमंचे से डराते हुए अलमारी खोलने को कहा। पीड़िता ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी। एक लड़की की गर्दन पर बदमाश ने चाकू रख दिया।
बदमाशों ने 80 हजार रुपये और एक सोने की चेन लूट ली और महिला नाजो के कानों के कुंडल भी उतरवा लिए। बदमाश मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर दो बदमाश बाइक पर तथा तीसरा पैदल ही फरार हो गया। महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने पैदल भाग रहे बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका। लूट की सूचना पर लिसाड़ीगेट इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीसीटीवी फुटेज में दो बदमाश बाइक और एक बदमाश पैदल भागते हुए तीन स्थानों पर कैद हुआ है। पीड़िता ने लिसाड़ीगेट थाने में घटना की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है।
पूर्व में लगाई गई थी पीएसी व पिकेट
जून 2019 में प्रह्लादनगर में पलायन का मुद्दा शासन स्तर तक पहुंचा था। जिसके बाद यहां दो स्थानों पर पीएसी व पुलिस की पिकेट लगाई गई थी। जबकि 12 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन कई बार यहां से पुलिस गायब नजर आती है।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।