कई समितियों के सदस्य भी रहे। साल 2000 से 2001 तक विधान पुस्तकालय समिति के कार्यवाहक सभापति रहे। 2002 से 2003 तक दुग्ध विकास राज्य मंत्री मंत्री भी रहे। साल 2012 से 2016 तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहे। 2021 में भाजपा की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष बनाए गए।
सभी छावनियों के सिविल क्षेत्रों को निगम में कराया जाएगा शामिल : लक्ष्मीकांत
डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि राज्यसभा पहुंचने के बाद छह माह के भीतर मेरठ समेत देश की सभी छावनियों के सिविल क्षेत्रों को नगर निगमों में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। अब से पहले भी रक्षामंत्रालय में इस समस्या को उठाया जा चुका है। इस समय समस्त छावनियों के सिविल इलाकों में रह रही जनता अंग्रेजी कानून से परेशान है। विकास कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरठ को वह सब कुछ दिलाने का प्रयास करुंगा जो अब तक नहीं मिल पाया है। मेरठ छावनी ही नहीं बल्कि देश की सभी छावनी आर्थिक संकट से जूझ रही हैं।
मेरठ का प्रतिनिधित्व होगा और मजबूत
डॉ. वाजपेयी को राज्यसभा का टिकट मिल गया है। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद मेरठ से तीन राज्यसभा सदस्य हो जाएंगे। पहले ही कांता कर्दम और विजयपाल तोमर के रूप में दो राज्यसभा सदस्य हैं। प्रदेश सरकार में दो राज्यमंत्री भी मेरठ से हैं। ऐसे में प्रदेश में मेरठ के प्रतिनिधित्व को अब और भी मजबूती मिलेगी। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और जिलाध्यक्ष विमल शर्मा आदि ने डॉ. वाजपेयी को बधाई दी है।