सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे पर नानू गंगनहर पुल चौराहे पर दो कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कारों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सोमवार देर रात दिल्ली निवासी निसार अपनी बहन रिजवाना और चार वर्षीय भतीजी जारा के साथ कार में सवार होकर बिजनौर जा रहा था। दूसरी ओर शामली की तरफ से कंकरखेड़ा निवासी विकास मलिक अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों गाड़ियां नानू चौराहे पर पहुंची तो उनमें जोरदार भिड़ंत हो गई। इस घटना में रिजवान, जारा और विकास घायल हो गए। कार के अंदर मौजूद निसार, रिजवाना व जारा की चीख पुकार सुनकर लोग दौड़ पड़े। उन्होंने तीनों को कार से बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों कार बीच सड़क पर खड़ी हुई थी। इस कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों कारों को सड़क से हटवाया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी थी।