मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की महिला ने भाभी पर फर्जी फेसबुक व इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो अपलोड करने, लोगों को मेसेज और फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। तक्षशिला कॉलोनी निवासी प्रीति ने थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके भाई का अपनी पत्नी पूजा तंवर के साथ तलाक का केस चल रहा है। आरोप है कि उनके नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर गतिविधि की जा रही हैं। झिबली एप का प्रयोग कर उनकी फोटो अपलोड की जा रही हैं। इसके अलावा अलग-अलग आईडी से उन्हें धमकी दी जा रही हैं। उन्हें शक है कि यह सब उनकी भाभी करा रही है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद
ग्रामीण से 55 हजार रुपये की साइबर ठगी
मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के गांव अस्सा में ग्रामीण से 55 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई। पीड़ित वीरेंद्र ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 3 मार्च 2025 को उनके मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने बोला कि मैं तुम्हारे गांव का राजकुमार बोल रहा हूं। तुम्हारे खाते में 35 हजार रुपये भेज रहा हूं। आरोपी ने उनसे ओटीपी मांगा। उनके ओटीपी देने पर खाते से 35 हजार रुपये कट गए। इसके कुछ देर बाद 20 हजार रुपये कट गए। आरोपी ने फोन काट दिया। उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन उसने नहीं उठाया। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। संवाद
-
कंस्ट्रक्शन साइट पर चोरी करता सिक्योरिटी गार्ड पकड़ा
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन साइट पर लोहे का सामान चोरी करते हुए सिक्योरिटी गार्ड को पकड़ा गया। उसके पुलिस के हवाले कर दिया गया। सिक्योरिटी एजेंसी संचालक ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीपी नगर क्षेत्र के भोला रोड रतन नगर निवासी प्रेम सिंह चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वह सिक्योरिटी एजेंसी चलाते हैं। एजेंसी के कुछ गार्ड आनंद अस्पताल के पास अतुल कुमार गुप्ता की निर्माणाधीन साइट पर तैनात हैं। आरोप है सिक्योरिटी गार्ड अनुज कुमार को उन्होंने व टीम ने रंगेहाथ लोहे के सरिये और छल्ले चोरी करते हुए पकड़ा है। वह मूलरुप से हापुड़ जिले के गांव मोहरा मुदाफरा का रहने वाला है। फिलहाल मेडिकल क्षेत्र के हरबंश नगर में रह रहा था। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। संवाद