फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: हादसों में बच्चे समेत चार की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Wed, 16 May 2018 07:16 PM IST
यूपी अमर उजाला ब्यूरो, बिजनौर
विज्ञापन
हादसे में घायल बच्चे और महिला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वेस्ट यूपी के तीन जिलों में बुधवार सुबह कई बड़े हादसे हो गए, जिनमें दो बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टक्कर लगने से एक भैंसे की भी मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा कर रोड जाम कर दिया।

विज्ञापन


बिजनौर के धामपुर में शुगर मिल में गन्ना डालकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली और टेंपो की टक्कर में टेंपो सवार महिला और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग के लिए नूरपुर मार्ग पर चार घंटे तक जाम लगाया। चीनी मिल के अधिकारियों ने पीड़ितों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया। उधर, इस दौरान जाम में फंसे कई लोगों की गर्मी के कारण हालत बिगड़ गई।  
      
बुधवार सुबह करीब आठ बजे ईदगाह मार्ग निवासी मुख्तार अहमद की पत्नी फरजाना (45) परिजनों के साथ अपने मायके बढ़ापुर जाने के लिए घर से चली। ये सभी नींदडू़ से धामपुर के लिए टेंपो में सवार हो गए। टेंपो को अंथाई शेख का गुल्लू चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब टेंपो जैतरा में एक विवाह मंडप के पास पहुंचा तो धामपुर शुगर मिल में गन्ना डालकर आ रही छह पहिया ट्रॉली को खींच रहे ट्रैक्टर की टेंपो से टक्कर हो गई।
विज्ञापन


हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। ट्रैक्टर-ट्राली भी अंथाई शेख की है। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इस बीच टेंपो और ट्रैक्टर के चालक मौके से फरार हो गए। हादसे में फरजाना (45), उसका बेटा शाहजैब (पांच), बहन की नवासी जू़बी (आठ) पुत्री काशिफ की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि शाहिदा, फरीदा गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। सूचना पर पहुंचे रिश्तेदार और ग्रामीणों ने पूर्वाह्न आठ बजे धामपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राज मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के साथ सीओ अर्चना सिंह, एसडीएम आजाद भगत सिंह,  कोतवाल शक्ति सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जाम लगा रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण इस तरह की बड़ी ट्रैक्टर-ट्रालियों को प्रतिबंधित करने और मृतक आश्रितों को मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। 

समझौता वार्ता के बाद खुला जाम 
जाम और हंगामे के दौरान एसडीएम आजाद भगत सिंह, सीओ अर्चना सिंह ने शुगर मिल के गन्ना महाप्रबंधक आजाद सिंह, जीएम प्रशासन विजय गुप्ता को थाने बुलाया। पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ उनकी वार्ता कराई। काफी देर चली वार्ता में अधिकारियों ने मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का लिखित समझौता किया। इसके बाद करीब 12 बजे जाम खोल दिया गया। जाम खुलने से वाहन चालक व यात्रियों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पढ़ें : देहरादून हाईवे पर भीषण हादसा, तीन लोगों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

विज्ञापन

हादसे के बाद हंगामा करते लोग - फोटो : अमर उजाला
वहीं बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर मवी कलां गांव के पास पेपर देकर लौट रहे छात्र को जेसीबी ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक जेसीबी छोड़कर भाग गया। वहीं गुफा मंदिर के पास कार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया। पुलिस ने जेसीबी मशीन, कार और बाइक को कब्जे में ले लिया।

मोहल्ला मुगलपुरा निवासी मोमिन का 19 वर्षीय बेटा जफर राना बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। बुधवार को वह श्री विनायक कॉलेज मवी कलां में परीक्षा देने गया । परीक्षा देकर जब कॉलेज से बाहर निकला तो दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर बागपत की तरफ से जा रही जेसीबी ने छात्र को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। चालक जेसीबी को छोड़कर भाग हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस संबंध में मृतक के चाचा कासिम ने जेसीबी नंबर एमएच 26 एस 1435 और चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। चाचा ने बताया कि मृतक चार भाई-बहन थे। उसके पिता फेरी पर कपड़ा बेचने का काम करते हैं। वह पढ़ाई के साथ-साथ भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। उसका बुधवार को आखिरी पेपर था। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

उधर, भैंसा-बुग्गियों में गन्ना लादकर शामली शुगर मिल आ रहे तीन किसानों की बुग्गी में ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों किसान गंभीर घायल हो गए, जबकि एक भैंसे की मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर पानीपत-खटीमा मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मुसाफिरों को आवागमन के दौरान काफी परेशानियां उठानी पड़ी। करीब तीन घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खुला।  मामले में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।  

कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव हिंगोखेड़ी निवासी यशपाल, बिल्लू और विजय शामली शुगर मिल में गन्ना डालने के लिए अपनी बुग्गी लेकर आ रहे थे। सुबह करीब चार बजे जब उनकी बुग्गियां पानीपत-खटीमा मार्ग पर रॉयल पब्लिक स्कूल के पास पहुंची, तो उसी दोरान कैराना की ओर से शामली जा रहे बेकाबू ट्रक चालक ने तीनों बुग्गियों में जबरदस्त टक्कर मार दी और फरार हो गया। हादसे में एक भैंसा की मौके पर मौत हो गई, जबकि बुग्गियां टूट गई। इसके अलावा तीनों किसान घायल हो गए। सूचना पर डायल-100 पुलिस और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से यशपाल को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर गांव कंडेला के सैकड़ों की संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए तथा ट्रक चालक की गिरफ्तारी तथा किसानों की आर्थिक सहायता की मांग को लेकर सुबह करीब 5.30 बजे हंगामा शुरू कर दिया और हाइवे पर जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने। इस दौरान भाजपा नेता अनिल चौहान भी मौके पर पहुंच गए तथा किसानों की आर्थिक सहायता की मांग करने लगे। बाद में सीओ सिटी एके सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़िता किसानों को आर्थिक सहायता दिलवाने के लिए मिल अधिकारियों से बात कर एक कमेटी बनाई। इस दौरान उन्होंने बताया कि ट्रक और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है, तब जाकर किसानों ने जाम खोला। करीब तीन घंटे बाद सुबह 8.30 बजे कोतवाली में अज्ञात में ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें