मंगलवार दोपहर बाद करीब 1:30 बजे हरियाणा के पानीपत की विद्या नगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय प्रिंस, 18 वर्षीय विकास व शिवा यमुना में नहाने आये थे। तीनों दोस्त हरियाणा की साइड यमुना पुल से करीब 700 मीटर पहले यमुना में नहाने लगे। इस दौरान तीनों दोस्त यमुना के पानी में डुबने लगे। यमुना किनारे प्लेज लगा रहे किसानों ने शोर मचा दिया। इसके बाद गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी।
शिवा को समय रहते गोताखोरों ने यमुना से सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन प्रिंस व विकास का पता नहीं चला। सूचना पर कोतवाली प्रभारी विरेन्द्र सिंह कसाना मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मश्कत के बाद गोताखोरों ने प्रिंस व विकास के शवों को यमुना से बाहर निकाला। सूचना पर परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस ने दोनों युवकों के शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तीन युवक पानीपत से यमुना में नहाने आये थे। यमुना में डुबने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों के शवों को पीएम के लिए भेजा गया है।
तीनों छात्र पानीपत में ही पढ़ते थे
परिजनों ने बताया कि प्रिंस मॉडल संस्कृति स्कूल पानीपत में कक्षा 11 और विकास राजकीय इंटर कॉलेज पानीपत में कक्षा 12वीं का छात्र था। जबकि शिवा भी राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र है। तीनों के बीच गहरा याराना था। जिसके कारण वह अक्सर साथ ही रहते थे।