पति द्वारा तीन माह पूर्व पत्नी को बोला तलाक का मामला बुधवार को कोतवाली थाने में गूंज गया। महिला को लेकर भाजपा नेता सीओ कोतवाली से मिले। आरोप लगाया कि पहले पति ने तलाक दिया और अब पुलिस से साठगांठ कर साले और उनके बेटे पर फर्जी केस दर्ज करा दिया। सीओ ने दोनों को हिरासत से छुड़वाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है।
सीओ कोतवाली कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक शाहनत्थन निवासी नरगिस की शादी 11 साल पहले नाजिम उर्फ काले निवासी श्यामनगर लिसाड़ी गेट से हुई थी। तीन महीने पहले नाजिम ने नरगिस को तलाक तलाक तलाक कहकर घर से निकाल दिया था। नरगिस अपने तीन बच्चों को लेकर मायके में रह रही है। बुधवार को लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने नरगिस के भाई रहीस और भतीजे लईक को हिरासत में ले लिया। बताया कि नाजिम ने उनके खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया है।
बुधवार को भाजपा नेता दीपक शर्मा के नेतृत्व में नरगिस सीओ कोतवाली से मिली। नरगिस ने आरोप लगाया कि पति ने पहले फर्जी तरीके से तलाक दिया और अब पुलिस से साठगांठ कर उसके भाई और भतीजे को फर्जी मुकदमे में फंसाया जा रहा है। जिस पर सीओ ने रहीस और लईक को छुड़वाते हुए जांच कराने का आश्वासन दिया। भाजपाइयों में गौरव परिधाम, नवीन अरोरा, आशीष, प्रतीक, नरेश विजय आनंद शर्मा, सुनील सैनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।