बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा हुआ। सरफाबाद गांव के पास टेंपू का टायर बदल रहे चालक समेत तीन युवकों को किसी वाहन ने कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एक मृतक हापुड़ और दो हेल्पर एटा जनपद के रहने वाले थे। इस हादसे के बाद तीनों के परिवारों में कोहराम मचा है।
हापुड़ जनपद के धौलाना थाना क्षेत्र के ककराना गांव निवासी सुरेंद्र (45) पुत्र चतर सिंह टेंपू से सामान सप्लाई करता है। शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र हापुड़ से टेंपू में सामान लेकर दिल्ली के नरेला में सप्लाई करने गया। उसके साथ हेल्पर देव कुमार उर्फ सीटू (20) पुत्र छोटे लाल और उमेश (21) पुत्र नरेश चंद निवासी मिर्जापुर जनपद एटा गया। शुक्रवार की रात्रि में करीब 11 बजे तीनों वापस टेंपू से औद्योगिक क्षेत्र हापुड़ लौट रहे थे। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर चांदीनगर थाना क्षेत्र के सरफाबाद गांव के पास टेंपू के टायर में पंचर हो गया। एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे टेंपू खड़ा करके तीनों टायर बदल रहे थे। इसी समय पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने तीनों को कुचल दिया। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भिजवाया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को रात्रि में ही दुर्घटना की जानकारी दी। शनिवार को सुबह के समय तीनों मृतकों के परिजन बागपत में मोर्चरी पर पहुंचे। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। एएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। रात्रि में टायर बदले समय अज्ञात वाहन ने तीनों को टक्कर मारी। अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।