छेड़छाड़ की पीड़िता को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
परीक्षितगढ़। मंगलवार को कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाने जा रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में बुधवार को फिर पीड़िता ने थाने में शिकायत दी है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर दबिश दी। लेकिन वह हाथ नहीं लग सके।
कस्बा निवासी एक नाबालिग छात्रा नगर के ही एक स्कूल में इंटर कॉलेज की छात्रा है। मंगलवार सुबह अपने घर से कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाने स्कूल जा रही थी। पड़ोसी समीर और शाहनवाज पुत्र नफीस ने छात्रा को अपने घर के अंदर खींचने का प्रयास किया। छात्रा ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग व परिजन पहुंचे। दोनों आरोपी अपने आप को घिरा देख मकान की दीवार कूदकर खेतों के रास्ते फरार हो गए थे।
पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर उक्त दोनों युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए उनके घरों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी अपने अपने घरों से फरार हो गए हैं।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपी पक्ष के लोग उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। इससे परिवार में भय व्याप्त है। बुधवार को फिर से थाने पहुंचकर पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। छात्रा पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।