परीक्षितगढ़। क्षेत्र के ग्राम पूठी निवासी भाजयुमो जिला कार्यालय प्रभारी को फोन पर एक युवक ने गोली मारने की धमकी दी है। इस पर भाजयुमो नेता ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
भाजयुमो के जिला कार्यालय प्रभारी अनुज त्यागी उर्फ लिटिल को दो दिन से एक युवक फोन को करके गोली मारने की धमकी दे रहा है। इस पर उन्होंने थाने पहुंचकर हत्या की आशंका जताते हुए युवक के खिलाफ तहरीर दी है। अनुज त्यागी ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व ग्राम अगवानपुर मार्ग स्थित बाग की रखवाली करने वाले पर मजदूरों से एक युवक ने मारपीट कर दी थी। जिसके चलते वह पीड़ितों के साथ थाने में आरोपी की शिकायत करने गए थे। इसके बाद से ग्राम चितवानाशेरपुर निवासी एक युवक फोन करके उन्हें गोली मारने की धमकी दे रहा है। जिसके चलते उनका परिवार दहशत में है। इस बाबत थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अंकुर मुखिया ने बताया कि अनुज त्यागी को गोली मारने की धमकी दिए जाना मामला गंभीर है। इसकी उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।