सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते व्यापारी के मकान से घुसे चोर, लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
सरूरपुर। सरूरपुर गांव में शनिवार देर रात बदमाशों ने व्यापारी के घर से लाखों की नकदी और लाखों की कीमत के जेवरात चोरी कर लिए। रविवार सुबह घटना का पता चला। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरूरपुर गांव निवासी भूषणचंद बंसल ने तहरीर में बताया कि उसकी गांव में ही परचून की दुकान है। शनिवार देर रात सीढ़ी लगाकर बदमाश छत के रास्ते उसके मकान में घुस आए। कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये और करीब पांच लाख के जेवरात चोरी कर ले गए। रविवार सुबह भूषण बंसल नींद से जगे तो सीढ़ियों पर लगा गेट खुला मिला और कमरे में सामान बिखरा मिला। उन्होंने बताया कि बदमाश सेफ में रखी नकदी के अलावा सोने की एक चेन, तीन अंगूठी, दो जोड़ी झुमकी, चांदी के गणेशजी, हटड़ी व चांदी के 25 सिक्के चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि अक्तूबर, 2019 में भी उसके घर में चोरी की घटना हुई थी। जिसमें बदमाश लाखों का माल चोरी कर ले गए थे। पीड़ित ने डर की वजह से कोई कार्रवाई नहीं की थी। पीड़ित ने घटना के बाद अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी दिनेश प्रताप ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की पड़ताल की जा रही है।