अटेरना-कुलंजन के जंगल में चोरों का नलकूपों पर धावा, पुलिस और ग्रामीणों की घेराबंदी के बीच भाग निकले बदमाश
सरधना। अटेरना-कुलंजन के जंगल में शनिवार रात चोरों ने नलकूपों धावा बोला। एक नलकूप पर चोरी करते ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और घेराबंदी कर पुलिस को सूचना दी। देर रात पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस की घेराबंदी के बीच दो नलकूपों पर चोरी की घटना को बदमाश अंजाम दे गए।
अटेरना गांव निवासी सतबीर, कुलंजन निवासी रामचंद्र के नलकूपों के निकट शनिवार रात ग्रामीणों ने अनजान तीन-चार लोगों को घूमते देखा। जिसकी सूचना नलकूप संचालकों को दी गई। ग्रामीण लाठी डंडे व लाइसेंसी हथियार लेकर खेतों की ओर दौड़ पड़े। जब तक सतबीर व कुलंजन निवासी रामचंद्र के नलकूप को चोर अपना निशाना बना चुके थे। चोरों ने नलकूपों में कुंबल करके व ताला तोड़कर चोरी व तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया। वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचना दी और बदमाशों की खुद भी तलाश की, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सके।
अटेरना निवासी एवं प्रधान पति विपिन उर्फ मोंटी भाजपा देहात सरधना के मंडल अध्यक्ष हैं। बदमाश उनके नलकूप पर कुंबल करके चोरी का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीणों ने उनकी घेराबंदी कर ली, जिसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। ग्रामीणों व पुलिस के गांव लौटने के बाद बदमाशों ने सतबीर पुत्र मोहर सिंह के नलकूप को भी अपना निशाना बनाया और मोटर समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
नलकूपों पर बढ़ रही चोरी की घटनाएं
सरधना। क्षेत्र में लगातार नलकूपों पर मोटर व स्टार्टर समेत अन्य सामान की चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। चोरों के आतंक से नलकूप संचालक किसान खासे परेशान हैं। दो महीने के भीतर सरधना क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों में नलकूपों पर मोटर व स्टार्टर चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। जिसमें कुछ ही मामलों में पुलिस ने चोरी की घटनाएं दर्ज की हैं। बाकी मामलों में पीड़ित को जांच का आश्वासन देकर टरका देती है। यदि चार-पांच किसानों के नलकूप पर एक साथ चोरी की घटना हो तो उसमें भी एक ही तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के नाम पर खानापूर्ति कर देती है। सलावा, चकबंदी, कुशावली, अक्खेपुर, दौलतपुर खेड़ा, मुल्हैड़ा, छुर, दबथुवा, कपसाड़, कुलंजन, मदारपुरा समेत कई गांवों में नलकूपों पर सौ से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन पुलिस है कि अभी तक एक भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। नलकूपों पर हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर ग्रामीणों में चोरों के प्रति गुस्सा और पुलिस के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।