सिविल सेवा में 74वीं रैंक हासिल कर मेरठ का मान बढ़ाने वाले हर्ष का मेरठ कॉलेज में सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ कॉलेज के पूर्व बीएससी छात्र एवं ग्राम वहादरपुर निवासी हर्ष नेहरा ने सिविल सेवा परीक्षा-2025 में ऑल इंडिया 74वीं रैंक हासिल की। उनका भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयन हुआ है। उनकी सफलता पर बुधवार को मेरठ कॉलेज के डॉ. राम कुमार गुप्ता सेमिनार हॉल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हर्ष नेहरा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सिविल सेवा की तैयारी के अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि सिविल सेवा में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। लक्ष्य स्पष्ट रखते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और गलतियों से सीखना सफलता की कुंजी है। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा के लिए बार-बार रिवीजन और टेस्ट प्रैक्टिस, मुख्य परीक्षा के लिए उत्तर लेखन एवं विषय की गहरी समझ और साक्षात्कार के लिए आत्मविश्वास, संतुलित सोच तथा ईमानदारी को जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुरुआत से ही परीक्षा के तीनों चरणों को ध्यान में रखकर तैयारी करने की सलाह दी।
हर्ष नेहरा की सफलता में उनके परिवार की भी अहम भूमिका रही। उनके पिता अजय कुमार नेहरा किसान, माता अनीता नेहरा सरकारी शिक्षिका और दादा विक्रम सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। समारोह में परिवार की तीन पीढ़ियों की मौजूदगी भावुक और प्रेरणादायी रही। कार्यक्रम में डॉ. कपिल सिवाच, प्रो. मनोज सिवाच, प्रो. योगेश कुमार, प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज समेत महाविद्यालय के शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन प्रो. पंजाब सिंह ने किया। आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. अर्चना सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और हर्ष नेहरा के परिवार का आभार जताया।