मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर दो में रविवार रात चोरों ने आढ़ती के बंद मकान पर धावा बोल दिया। चोर नकदी और लाखों के जेवरात ले गए। पड़ोसी ने लाइट जली देखी तो गृहस्वामी को फोन किया। इसके बाद वारदात का पता चला। पीड़ित से तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, माधवपुरम सेक्टर दो में देवेंद्र सैनी परिवार के साथ रहते हैं। उनका नवीन मंडी में आढ़त का काम है। रक्षाबंधन पर वह अपने परिवार के साथ हापुड़ स्थित ससुराल गए थे। रविवार आधी रात को उनके पड़ोसी पुनीत ने देखा कि देवेंद्र सैनी के घर का मुख्य दरवाजा खुला है और लाइट जली है।
पुनीत ने देवेंद्र को फोन मिला दिया। पता चला कि देवेंद्र ससुराल में ही है और चोरों ने घर के ताले तोड़ दिए हैं। पुनीत ने देवेंद्र के घर में जाकर देखा तो वहां सामान फैला था और चोर जा चुके थे। उन्होंने देवेंद्र को चोरी की जानकारी दी। मंगलवार सुबह साढ़े चार बजे देवेंद्र परिवार सहित घर लौट आए। कुछ ही देर में माधवपुरम चौकी से पुलिस भी आ गई। उन्होंने बताया कि अलमारी में रखी करीब 4.5 लाख रुपये कीमत के जेवरात के अलावा 40 हजार रुपये की नकदी गायब थी। सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय का कहना है कि कुछ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।