मेरठ में एक युवक फोन पर अपनी प्रेमिका से बात कर रहा था, इसी दौरान अचानक युवती के परिजन पहुंच गए। उन्होंने युवक को दबोच लिया और फिर अर्द्धनग्न कर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद मामला थाने पहुंच गया।
मोबाइल पर बात कर रहे दुकानदार को प्रेमिका के परिजनों ने अर्द्धनग्न कर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
मेरठ में लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के दुकानदार का क्षेत्र की ही रहने वाली युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। गुरुवार दोपहर को दोनों मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान युवती को उसके परिजनों ने पकड़ लिया। दुकानदार की जानकारी मिलने के बाद परिजन आग बबूला हो गए। परिजन फोन लेकर दुकानदार के पास आ गए। आरोप है कि परिजनों ने जबरन उसे दुकान से बाहर निकाल लिया और पास ही अपने घर पर ले गए।
आरोप है कि दुकानदार को अर्द्धनग्न कर बंधक बनाते हुए करीब आधा घंटे तक पीटा गया, जिसमें वह घायल हो गया। युवक की चीख सुनकर आस-पास के लोग वहां एकत्र हो गए और घटना का विरोध जता दिया।
इस दौरान भीड़ में शामिल किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दे दी। वहीं कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बंधनमुक्त कराते हुए थाने ले आई। तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। थाने में युवक ने आपबीती सुनवाई। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। युवक के परिजनों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।