बिजली बंबा बाईपास स्थित जिला विज्ञान क्लब में होगा, राष्ट्रीय सलाहकार ने किया दौरा करके परखी तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बाल वैज्ञानिकों के रियलिटी शो विज्ञान घर सीजन-5 का आयोजन मार्च 2026 में होगा। इस बार बिजली बंबा बाईपास स्थित जिला विज्ञान क्लब के गऊ गोबर, चूना और मिट्टी के साथ तैयार किए जा रहे हॉल में यह आयोजित होगा। रविवार को पीएमयू विश्वविद्यालय तंजावुर तमिलनाड़ के प्रोफेसर व विज्ञान घर के राष्ट्रीय सलाहकार समिति प्रमुख डॉ. वी सुकुमारन ने मेरठ का दौरा करके विज्ञान घर की तैयारियों को परखा। उन्होंने वैदिक प्लास्टर से पुताई की जा रहीं दीवारों को देखा।
मेरठ में विज्ञान का पहला रियलिटी शो विज्ञान घर का आयोजन 2015 में जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक दीपक शर्मा की अगुवाई में हुआ था। अब 2026 में 17 से 26 मार्च तक पांचवां रियलिटी शो विज्ञान घर का आयोजन किया जाएगा। जिला विज्ञान समन्वयक दीपक शर्मा ने बताया कि रविवार को विज्ञान घर के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. वी सुकुमारन ने प्रस्तावित विज्ञान घर की जगह का निरीक्षण किया। उन्हें विज्ञान घर की पूरी योजना को समझाया। जल्दी ही विज्ञान घर की टीम यहां रहना शुरू करेगी। डॉ. सुकुमारन ने कहा कि आज पूरी दुनिया पर्यावरण प्रदूषण से तंग आ चुकी है। सभी लोग जीरो वेस्ट को ही अपने जीवन में उतार रहे हैं। इस बार का विज्ञान घर भी प्रदूषण को दूर करने के उपाय सुझाएगा। विज्ञान घर से निकलने वाले छात्र-छात्राएं विकसित भारत अभियान में योगदान देंगे। उन्होंने वंदे भारत व नमो भारत रैपिड ट्रेन के संचालन को सराहा।
2000 में से चुने जाएंगे 20 बाल वैज्ञानिक
इस बार के विज्ञानघर में दुनिया भर से लगभग दो हजार छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 20 प्रतिभागियों का चयन विज्ञानघर के लिए किया जाएगा, जो दस दिन तक इस घर में लाइफ स्टाइल को महसूस करेंगे। यह आयोजन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग भारत सरकार के तत्वावधान में डॉ. सीमा जैन और डॉ. अनुप्रिया शर्मा के निर्देशन में प्रगति विज्ञान संस्थान व जिला विज्ञान क्लब के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर इस अवसर पर सीमा आर्य, गीता शर्मा, मानवी सिंह, मनीषा सचिन, वाटसन आदि मौजूद रहे।