अस्पताल में हंगामा करते परिजन।
- फोटो : amar ujala
मेरठ में लालकुर्ती स्थित एक अस्पताल में मरीज को एक्सपायरी दवा चढ़ाने से हालत बिगड़ गई। इसकी भनक लगते ही परिजनों ने हंगामा कर दिया। आनन-फानन में लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मरीज की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
कंकरखेड़ा निवासी सतनाम सिंह नामी मनोनीत पार्षद है। शनिवार दोपहर उन्हें सीने में दर्द होने पर डॉक्टर को दिखाया गया। उनकी हालत देखकर डॉक्टर ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। उनके भाई सरबजीत कपूर परिजनों के साथ उन्हें लेकर लालकुर्ती स्थित एक निजी अस्पताल में आ गए। आईसीयू में भर्ती करते हुए उनका उपचार शुरू कर दिया गया। देर रात अचानक सतनाम सिंह नामी की हालत फिर बिगड़ने लगी। ब्लड प्रेशर तेजी से नीचे गिरा था। परिजनों ने स्टाफ से इसकी शिकायत की तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। तभी कुछ लोगों की नजर वहां मौजूद दवाओं की एक्सपायरी डेट पर पड़ी। कई दवाइयां एक्सपायर हो चुकी थी। यहां तक कि जो दवा उन्हें चढ़ाई जा रही थी, वह भी एक्सपायर थी। यह देख परिजनों का पारा चढ़ गया। उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर दिया।
इसके बाद काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और अस्पताल में खलबली मच गई। हंगामे की सूचना पर लालकुर्ती थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी ली। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल मरीज के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है।