जिले के 13 केंद्रों पर हुई संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत 6343 में 5569 अभ्यर्थियों ने दिया पेपर
दोनों पालियों में 774 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को शहर में कड़ी सुरक्षा के बीच 13 केंद्रों पर संपन्न हुई।मेरठ जिले में 13 परीक्षा केंद्रों पर 6343 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहली पाली में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक हुई परीक्षा में 5569 अभ्यर्थी उपस्थित और 774 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक हुई परीक्षा में भी 5569 अभ्यर्थी उपस्थित और 774 अनुपस्थित रहे। अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को सरल बताया।
यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध राजकीय, एडेड एवं निजी कॉलेजों में बीएड में प्रवेश के लिए हुई। सीसीएसयू मेरठ से संबद्ध छह जिलों में 65 केंद्रों पर 30453 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। परीक्षा देने आए अभ्यर्थी बिहार के ताजुद्दीन ने बताया कि वह बीएड करके शिक्षक बनकर देश के विकास में योगदान देना चाहता है। परीक्षा के प्रश्न सामान्य रहे। मेरठ के अभ्यर्थी अमित का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह से सामान्य रही। वह काफी समय से परीक्षा की तैयारी कर रहा था पेपर अच्छा गया है। मेरठ के अभ्यर्थी हर्ष ने बताया कि बीएड की प्रवेश परीक्षा का इंतजार कर रहा था। इसके लिए तैयारी कर रहा था और अच्छे अंक आने की उम्मीद है।
सघन तलाशी के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई। परीक्षा में मोबाइल, टेबलैट, घड़ी आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा। परीक्षा शुरू होने के बाद आधा घंटे बाद परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश नहीं करने दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर 26 पर्यवेक्षक और 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए। परीक्षा केंद्रों के आसपास सभी फोटो स्टेट मशीनें और साइबर कैफे बंद रहे।