जावेद की निशानदेही पर एनआईए ने दी दबिश, टीपीनगर, लिसाड़ीगेट, कोतवाली और ब्रह्मपुरी में रातभर चला तलाशी अभियान
मेरठ। एनआईए की टीम ने मंगलवार रात शहर में हथियार सप्लायर जावेद को लेकर कई जगहों पर दबिश दी। जावेद की निशानदेही पर रातभर तलाशी अभियान चला। बताया जा रहा है कि खालिस्तान समर्थकों के इशारे पर ये लोग पंजाब में साजिश रच रहे थे।
एनआईए-एटीएस ने सात जून को हापुड़ से किठौर रार्धना निवासी जावेद को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि जावेद ने लुधियाना में आरएसएस के नेता जगदीश गगनेजा की हत्या के लिए हथियार सप्लाई किए थे। अक्टूबर 2016 में पंजाब के लुधियाना में रविंद्र गोसाई की हत्या में भी मेरठ से हथियार सप्लाई किए गए थे। आरएसएस नेताओं की हत्या खालिस्तान समर्थकों ने कराई है। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सामने आया कि मेरठ के हथियार सप्लायर का खालिस्तान समर्थकों सीधा कनेक्शन है।
पुलिस के अनुसार, एनआईए ने जावेद को पंजाब से रिमांड पर लिया हुआ है। मंगलवार को एनआईए ने जावेद की निशानदेही पर लिसाड़ीगेट, कोतवाली व ब्रह्मपुरी इलाके में दबिश दी। पुलिस का दावा है कि जावेद भी खालिस्तान समर्थकों से जुड़ा था। पंजाब में जावेद के खिलाफ मुकदमा हुआ था। एनआईए और एटीएस इसकी जांच कर रही कि आखिर मेरठ के हथियार सप्लायरों का खालिस्तान समर्थकों से कैसे संपर्क हुआ। कौन-कौन हथियार सप्लायर हैं, जिनकी तलाश में सुरक्षा एजेंसियां लगी हुई है।