सरूरपुर। कांवड़ यात्रा के बीच हर्रा कस्बे में सांप्रदायिक सौहार्द की तस्वीर देखने को मिली। यहां मुस्लिम समाज के लोगों ने मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों का आत्मीयता के साथ स्वागत किया। पूर्व चेयरमैन गुलजार चौधरी ने भी कांवड़ियों की सेवा में हिस्सा लेते हुए उन्हें दूध पिलाया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों के हर्रा पहुंचने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया। कांवड़ियों को दूध पिलाने के साथ उनकी यात्रा को लेकर शुभकामनाएं दी गईं। अचानक हुए इस स्वागत से कांवड़िये भी प्रसन्न नजर आए और उन्होंने लोगों का धन्यवाद किया। पूर्व चेयरमैन गुलजार चौधरी ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।
-
भाकियू और रालोद नेताओं ने की पुष्पवर्षा
पुरा महादेव मंदिर की ओर गंगाजल लेकर जा रहे कांवड़ियों का करनावल में भाकियू और रालोद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भाकियू के प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल और रालोद नेता रणवीर सिंह दहिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवभक्तों पर फूल बरसाए। इस दौरान हर-हर महादेव और भोले शिव शंकर के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। नेताओं ने कांवड़ शिविर में पहुंचकर श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम जानी और सेवा की। इस मौके पर अनिल चौधरी, सतीश, कृष्णपाल, निरंजन, नरेंद्र सिंह, मास्टर सोबिर सिंह समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।