मेरठ/खरखौदा। कोरोना महामारी में भी बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। इस चुनौती से निपटने के दावे फेल साबित हो रहे हैं। बदमाशों ने शनिवार आधी रात खरखौदा के कैली गांव में खुद को क्राइम ब्रांच से बताकर एक के बाद एक तीन घरों में लाखों की डकैती को अंजाम दे डाला। तीनों परिवारों को बंधक बनाकर बदमाश आसानी से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी पीड़ितों को आश्वासन देकर लौट आए।
खरखौदा के कैली गांव में बाहरी तरफ फार्म हाउस के पास तीन मकान हैं। शनिवार रात करीब दो बजे करीब एक दर्जन बदमाश सुरेंद्र पुत्र सतपाल शर्मा के मकान की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। मकान के आंगन में सो रहे सुरेंद्र को बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया तथा उन्हें कमरे में ले गए। जहां पर उनकी पत्नी हेमलता और बच्चे सो रहे थे। बदमाशों ने घर में रखे तीन फोनों के सिम निकलवाकर अपने पास रख लिए। इसके बाद अलमारी व संदूक में रखे 20700 रुपये, दो जोड़ी सोने के कुंडल, नाक की लोंग, सोने की चेन और चांदी के जेवर कब्जे में ले लिए। बदमाशों ने हेमलता और बच्चों को कमरे में बंद कर दिया और सुरेंद्र को अपने साथ मकान की छत पर ले गए।
बदमाश छत के रास्ते से ही पड़ोसी योगेश शर्मा पुत्र चरण के मकान में पहुंचे। वहां पर योगेश पत्नी व बच्चों के साथ सो रहे थे। बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच से बताकर योगेश को किसी युवती की खोज में वहां आना बताया। योगेश कुछ समझ पाते इससे पहले ही बदमाशों ने योगेश के परिवार को गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने अलमारी में रखा सोने का हार, सोने की दो अंगूठी, कुंडल व चांदी के जेवर लूट लिए। बाद में बदमाश इसी घर की नीचे की मंजिल पर पहुंचे। जहां योगेश के छोटे भाई विमल का परिवार रहता है। विमल इस दौरान ड्यूटी पर थे। जबकि उनकी पत्नी सरिता अपने बच्चे के साथ सो रही थी।। बदमाशों ने उसे भी गन प्वाइंट पर लेकर सोने की दो अंगूठी, कुंडल, दो जोड़ी पाजेब और एक हजार रुपये लूट लिए।
बदमाशों के भागने के बाद सुरेंद्र ने अपने आप को बंधनमुक्त कर सड़क पर पहुंचकर शोर मचाया। इस दौरान वहां से निकल रही यूपी 112 पुलिस को वारदात के बारे में बताया। सूचना पर खरखौदा पुलिस, एसपी देहात और एएसपी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके से मिले एक रस्से व डंडे से फिंगर प्रिंट लिए। इस मामले में पीड़ित पक्षों की तहरीर पर खरखौदा थाने में केस दर्ज कराया गया है।