- जिला फुटबाल प्रीमियर लीग में खेला गया मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। जिला फुटबाल संघ की ओर से आईआईएमटी विवि के खेल मैदान में आयोजित फुटबाल प्रीमियर लीग में शुक्रवार को मेरठ स्पोर्टिंग और एजेक्स फुटबाल क्लब के बीच टूर्नामेंट का 13वां मुकाबला हुआ। इसमें मेरठ स्पोर्टिंग की टीम ने 8-2 से जीत हासिल की।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज आक्रमण किए लेकिन मेरठ स्पोर्टिंग ने अपने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल से पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। दर्शकों को लगातार गोलों की बारिश देखने को मिली। इससे मैदान का माहौल बेहद रोमांचक हो गया। मेरठ स्पोर्टिंग ने कुल आठ गोल किए। इसमें टीम की ओर से ललित वर्मा ने दो गोल किए जबकि अंशु ने शानदार खेल दिखाते हुए चार गोल दागे। इसके अलावा हर्षित और हर्ष ने 1-1 गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बनाया।
वहीं, एजेक्स फुटबाल क्लब की ओर से हर्ष और क्लेट्स ने 1-1 गोल किए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रुद्राक्ष चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच से पूर्व मुख्य अतिथि शैलेश ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने जानकारी दी कि शनिवार शाम पांच बजे मेरठ स्पोर्टिंग और आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला खेला जाएगा।