मामला मकान बंटवारे का, पुलिस को दी लूट की सूचना
बहसूमा। कस्बा निवासी एक युवक ने रविवार दोपहर पुलिस को बटावली रोड पर नकदी व मोबाइल लूट की सूचना दी। पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। लेकिन मामला मकान के बंटवारे में मारपीट का निकला।
कस्बा निवासी शकील सलमानी ने रविवार दोपहर पुलिस को सूचना दी कि वह बाइक से शाहपुर बटावली गांव जा रहा था। रास्ते में मोड कला संपर्क मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उसे तमंचे से आतंकित कर 15 हजार की नगदी व छोटा मोबाइल लूट ले गए। लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित शकील से जानकारी ली तो उन्हें कुछ शक हुआ। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो मामला मारपीट का निकला। उसने बताया कि सुबह मकान के बंटवारे को लेकर उसके बड़े भाई फरीद के बेटों ने उसके साथ मारपीट की थी। उन्हें सबक सिखाने के लिए लूट की फर्जी सूचना दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला लूटपाट का न होकर मकान के बंटवारे में हुई मारपीट का था। समाचार लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
दुष्कर्म के आरोपी को जेल भेजा
बहसूमा। पुलिस ने आठ माह से वांछित चल रहे बिजनौर निवासी युवक को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि बीते आठ माह से जनपद बिजनौर के थाना मंडावर के बीरूवाला निवासी सतीश कुमार पुत्र मूलचंद दुष्कर्म, गाली गलौज व मारपीट के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।