संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को सफल एवं भव्य रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से ओम सेवा समिति (रजि.) मेरठ की ओर से रविवार को समिति अध्यक्ष एवं पूर्व उपाध्यक्ष छावनी परिषद शिप्रा रस्तोगी के आवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि 21 जून को रुड़की रोड स्थित देव मंदिर परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, सामाजिक संगठनों, महिला समूहों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। साथ ही योग के प्रति लोगों को जागरूक करने और नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में संयुक्त व्यापार संघ मेरठ के उपाध्यक्ष सुधीर रस्तोगी, डॉ. जेवी चिंकारा, पल्लवपुरम आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गौरव मलिक, सचिव वीरेन्द्र त्यागी, ज्योत्स्ना गुर्जर, कीर्ति दुग्गल, केके आतरे, रूचि गर्ग, रेनू यादव, शिल्पी यादव आदि मौजूद रहे।