मवाना/सरधना। मवाना थाना प्रभारी ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर क्षेत्र के डीजे संचालकों की बैठक ली। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का प्रयोग करने के आदेश दिए। साथ ही नोटिस भी रिसीव कराए।
थाना परिसर में डीजे संचालकों की बैठक में थाना प्रभारी अखिल कुमार मिश्र ने कहा कि शासन के निर्देशों का कांवड़ के लिए डीजे बुक करते समय पालन किया जाए। डीजे की ऊंचाई 12 फीट व चौड़ाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। डीजे के कारण सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन अवरुद्ध नहीं होना चाहिए। सांप्रदायिक या जातिवादी गाने नहीं बजेंगे। लडकियों, महिलाओं का अश्लील नृत्य नहीं कराया जाएगा। डीजे की आवाज 40-50 डेसीबल पर ही रखेंगे। रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजेगा। बैठक में 12 डीजे संचालकों को नोटिस भी रिसीव कराए।
थाना सरधना में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह ने बैठक में कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का डीजे कंपटीशन नहीं होगा। सड़कों पर डीजे नहीं रुकेगा, लगातार आगे बढ़ता रहेगा। वाहनों की बॉडी से बाहर स्पीकर अथवा अन्य सामान लगाने पर डीजे संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यूट्यूबर को भी कांवड़ यात्रा के दौरान भड़काऊ रील बनाकर अपलोड नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।