मेरठ/कंकरखेड़ा। रोहटा रोड के फाजलपुर अनूपनगर में प्रवीण सैनी (25) ने बुधवार को पड़ोेसी सोनी सैनी (24) से प्रेम-प्रसंग का विरोध करने पर आत्मदाह की कोशिश की। इसकी जानकारी मिलने पर सोनी सैनी ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, युवती के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि युवक-युवती में करीब पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, मगर परिजन आपस में रिश्तेदार होने के कारण विरोध कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहटा रोड के फाजलपुर अनूपनगर निवासी पप्पू सैनी फर्नीचर का काम करते हैं। उनकी बेटी सोनी का पड़ोस में रहने वाले दयाचंद सैनी के बेटे प्रवीण सैनी से पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों न केवल एक ही बिरादरी के हैं, बल्कि दोनों की मां रिश्ते में एक दूसरे की बहन भी लगती हैं। इसके चलते परिजन युवक-युवती के संबंध व रिश्ते के खिलाफ थे। परिजनों ने दोनों के मिलने पर पाबंदी लगा दी थी। प्रवीण प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।
प्रवीण बुधवार को सोनी से घर शादी की बात करने के लिए पहुंच गया। इसका परिजनों ने विरोध किया और युवती के भाई ने प्रवीण से मारपीट कर दी। इसको लेकर दोनों पक्षों में खूब झगड़ा हुआ। इस घटना के कुछ समय बाद प्रवीण अपने घर आया और उसने अपने ऊपर थिनर डालकर खुद काे आग ली। उसके आग लगाते ही परिजनों ने किसी प्रकार से आग पर काबू पाया, मगर तब तक वह काफी झुलस गया था। परिजनों ने उसे रोहटा रोड के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। प्रवीण आत्मदाह की कोशिश की बात पूरे मोहल्ले में फैल गई। इसकी जानकारी मिलने पर सोनी ने शाम करीब साढ़े चार बजे कमरे में पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती का शव पंखे से लटका देख परिजनों में मातम पसर गया। इसी दौरान किसी ने डायल 112 को सूचना दी।
युवती के आत्महत्या की खबर पर डायल 112 और कंकरखेड़ा पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर आकर साक्ष्य एकत्र किए। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
युवक की मां ने दी तहरीर, युवती के परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप
मेरठ। सोनी के आत्महत्या के बाद देर शाम को प्रवीण की मां शीतल ने कंकरखेड़ा थाने पर तहरीर देकर युवती के परिजनों पर ही बेटी की फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर में बताया कि उसका बेटा प्रवीण पड़ोसी सोनी से प्रेम करता था। जिसका सोनी के परिजन विरोध करते थे। आरोप लगाया कि बुधवार सुबह युवती के परिजनों ने उनके बेटे प्रवीण पर जानलेवा हमला किया, जिससे क्षुब्ध होकर बेटे प्रवीण ने आत्मदाह का प्रयास किया। बाद में युवती के परिजनों ने युवती की फांसी लगाकर हत्या कर दी।
प्रेम-प्रसंग में युवक ने खुद का आग लगाई है, इसकी जानकारी मिलने पर युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। युवक की मां की ओर से तहरीर दी गई है, इसमें युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक युवती पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी
-