संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सोमवार को नगर में विभिन्न रामलीला कमेटियों ने आयोजन किए। इन आयोजनों में भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े अत्यंत रोमांचक और पावन प्रसंगों का मंचन व प्रदर्शन हुआ। इससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में राममय नजर आया।
भूड़ के मैदान में भगवान श्री रामलीला कमेटी ने अहिरावण द्वारा प्रभु श्री राम और लक्ष्मण के हरण का मंचन किया। इसके बाद संकटमोचन हनुमान द्वारा अपने आराध्यों की खोज की लीला दिखाई गई। हनुमान के पराक्रम का सजीव मंचन देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा। गुड़ मंडी स्थित श्री रामलीला एवं शिव मंदिर कमेटी ने आधुनिक तकनीक से पर्दे पर लीलाएं प्रसारित कीं। सोमवार को इसके माध्यम से सुलोचना संवाद और मेघनाथ वध के मर्मस्पर्शी दृश्य प्रदर्शित हुए। इन दृश्यों ने दर्शकों के दिलों को छू लिया और उनकी आंखें श्रद्धा से भर गईं।
मेघनाथ वध का प्रदर्शन
तहसील के निकट मैदान में श्री आदर्श रामलीला कमेटी ने भी पर्दे पर मेघनाथ वध की लीला का मंचन किया। रावण के अजेय पुत्र मेघनाथ के वध का यह ऐतिहासिक प्रसंग पर्दे पर आते ही पंडाल जय श्री राम के उद्घोष से गूंज उठा। नगर में विभिन्न स्थानों पर हो रहे इन शानदार आयोजनों से श्रद्धालुओं ने सत्य, धर्म और न्याय की विजय का आनंद लिया। उन्होंने इन पावन प्रसंगों से धर्म लाभ कमाया।