रोहिणी कोर्ट में ढेर हुए राहुल का शव फफूंडा पहुंचा
मेरठ। दिल्ली स्थित रोहिणी कोर्ट में पुलिस की गोली से ढेर हुए राहुल उर्फ नितिन उर्फ केके का शव सोमवार देर रात उसके गांव फफूंडा में पहुंच गया। दिल्ली पुलिस शव को लेकर आई। इसकी जानकारी के बाद खरखौदा पुलिस गांव में पहुंची। मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार होगा।
रोहिणी कोर्ट में तीन दिन पहले पुलिस कस्टडी में शातिर अपराधी गोगी को टिल्लू गैंग के दो शूटरों ने मार डाला। कोर्ट में मौजूद पुलिसवालों ने दोनों शूटरों को वहीं ढेर कर दिया। इसमें एक शूटर मेरठ के खरखौदा के फफूंडा गांव का निवासी राहुल उर्फ नितिन उर्फ केके था। वह गांव छोड़कर टिल्लू गैंग में शामिल हो गया था। टिल्लू और गोगी के बीच में गैंगवार चल रही थी। इसके चलते उसकी हत्या को अंजाम दिया गया है।
गोगी गैंग के बदमाश टिल्लू के साथियों को ढूंढ रहे हैं। इस घटना के बाद से दिल्ली पुलिस सतर्क है। दिल्ली की स्पेशल सेल ने टिल्लू गैंग के शूटर उमंग समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने पूछताछ में बताया कि गोगी की हत्या के लिये टिल्लू ने जेल में बागपत के अपराधी सुनील राठी से हाथ मिलाया था। टिल्लू और गोगी के बदमाशों के बीच गैंगवार मेरठ और बागपत तक न पहुंचे, इसको लेकर पुलिस अलर्ट है। अनहोनी की आशंका देखते राहुल के शव को दिल्ली पुलिस ने देने से मना कर दिया था।
सोमवार देर रात पोस्टमार्टम कराने के बाद दिल्ली पुलिस राहुल के शव को लेकर उसके गांव फफूंडा लेकर पहुंची। वहीं, खरखौदा पुलिस भी गांव में तैनात की गई है। सीओ किठौर बृजेश सिंह ने बताया कि परिवार के लोग मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार करने की बात कह रहे हैं। देर रात फफूंडा गांव में राहुल के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। एहतियात के तौर पर खरखौदा पुलिस को लगाया गया है।
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।