मवाना। रिठानी मेरठ निवासी पांच महिलाओं ने थाने में तहरीर देकर मवाना निवासी एक व्यक्ति व उसकी पत्नी पर वाशिंग मशीन आदि का झांसा देकर उनके साथ ठगी करने का आरोप लगाया है। तहरीर में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिठानी निवासी नीशू ने तहरीर में बताया कि बीते वर्ष वह अपने गांव मोड़ खुर्द बहसूमा आई थी। गांव निवासी महिला के यहां एक व्यक्ति व उसकी पत्नी महिला जागृति बाल विकास योजना बताकर गांव के कुछ लोगों के फार्म भरवा रहे थे। उक्त दोनों लोगों को लालच दे रहे थे कि 1230 रुपये में सिलाई मशीन, एक हजार रुपये में मिक्सी, पांच हजार रुपये में वाशिंग मशीन व छह हजार रुपये में तीनों सामान योजना के तहत दिए जाएंगे।
गांव की महिला ने उसे उक्त योजना के बारे में बताया तो उसने इनको उसकी ससुराल रिठानी भेजने के लिए कहा। 2 जनवरी को महिला व उसका पति उसकी ससुराल आ गए। दोनों ने योजना को बढ़ा-चढ़ाकर बताते हुए कहा कि यदि तुम इसमें काम करोगी तो तुम्हें सैलरी भी मिलेगी। वह इनके बहकावे में आ गई। उसने दो वाशिंग मशीन, दो सिलाई मशीन व दो मिक्सी मंगाने के लिए ऑनलाइन सात हजार रुपये व पांच हजार रुपये नकद दिए और इनके एनजीओ से जुड़ गई। लगभग चार माह तक कार्य किया। 52 सदस्य जोड़े, जिनका 31 लाख 20 हजार रुपया महिला व उसके पति को दिया। इसमें उसको व उसके द्वारा जोड़े गए कुल लोगों को कुल छह सिलाई मशीन, एक मिक्सी दी गई। आरोप है कि आरोपी दंपती ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। रुपये मांगने पर गाली गलौज करता है।