सिलिंडर लीक होने से आग में दंपती व उनके दो पुत्र झुलसे
जानीखुर्द। गांव नेक में शनिवार रात खाना बनाते समय सिलिंडर लीक होने से आग लग गई। जिसमें दंपती और उनके दो पुत्र झुलस गए। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जिसके बार झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गांव नेक निवासी महिपाल पुत्र रकबर की पत्नी उषा शनिवार रात करीब नौ बजे गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। गैस सिलिंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। उषा आग बुझाने लगी तो उसके भी कपड़ों ने आग पकड़ ली। शोर सुनकर महिपाल और उनके लड़के अजय और अमन मौके की ओर दौड़े। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया तो वह आग में झुलस गए। मकान से आग की लपटें निकलते देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और तेज हो गई। आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग में झुलसे महिपाल, उषा और उनके दो पुत्रों को मेरठ स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आग से घर का काफी कीमती सामान जलकर राख हो गया। रविवार को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ने महिपाल और उसके दो पुत्रों छुट्टी दे दी। जबकि उषा का उपचार अभी जारी है।