मेरठ में जागृति विहार में सेक्स रैकेट पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सभी छह युवकों और दो युवतियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं मामले में एक होटल मालिक की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिस पर एसपी सिटी ने जांच बैठा दी है। पांच आरोपी दूसरे समुदाय के हैं, जिसको लेकर रविवार को फिर भाजपाइयों ने थाना घेर लिया था। वहीं बताया गया कि तीन माह से सेक्स रैकेट चल रहा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी।
मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार स्थित एक घर में सेक्स रैकेट चलने की सूचना शनिवार रात भाजपा नेता वीनस शर्मा ने कंट्रोल रूम को दी थी। पुलिस ने छापा मारकर दूसरे समुदाय के पांच युवकों को गिरफ्तार किया था। असम निवासी एक दंपति और वहीं की एक 23 वर्षीय युवती की भी गिरफ्तार हुई थी। आसपास के लोगों का आरोप है कि तीन माह से किराए के मकान में असम का परिवार रह रहा था। जहां देह व्यापार का धंधा चल रहा था। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सुहेब निवासी जाकिर कॉलोनी, मोहसीन उर्फ मन्नू निवासी जाकिर कॉलोनी, शहनवाज निवासी जाकिर कॉलोनी, सरताज निवासी गजरौला, अमरोहा, इमरान निवासी गजरौला, राजू सरकार निवासी असम और असम निवासी दो महिला हैं। सभी के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। एसपी सिटी ने बताया कि एक होटल मालिक की भूमिका संदिग्ध है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।